Maheshwari Jagat

It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome
× Close

अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महिला संगठन की प्रथम राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक सूर्योदय 2026 में इन्दौर में आयोजित

दो दिवसीय राष्ट्रीय आयोजन में संगठनात्मक चिंतन, प्रशिक्षण, स्वास्थ्य, तकनीक और महिला सशक्तिकरण का दिखा अद्भुत संगम

इंदौर (माहेश्वरी जगत - जगदीश जागाजी)
अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महिला संगठन के चतुर्दश स्वर्णिम सत्र की प्रथम राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक ‘स्वर्णोदय-2026’ 6 एवं 7 अगस्त 2026 को इंदौर में अत्यंत भव्य, सुव्यवस्थित, प्रेरणादायी एवं प्रशिक्षणमूलक वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। दो दिवसीय आयोजन में देशभर से आई बहनों ने संगठनात्मक गतिविधियों, प्रशिक्षण, नेतृत्व विकास, स्वास्थ्य, तकनीकी संचार एवं आगामी कार्ययोजनाओं पर सार्थक मंथन किया।

क्षेत्रीय संगठनों के साथ समन्वय बैठक से हुआ शुभारंभ
बैठक के पूर्व 5 अगस्त को इंदौर जिले के 9 क्षेत्रीय संगठनों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। पश्चिमी मध्य प्रदेश एवं इंदौर जिला संगठन द्वारा राष्ट्रीय पदाधिकारियों का आत्मीय स्वागत किया गया। लगभग 300 बहनों की उपस्थिति में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती ज्योति जी राठी एवं महामंत्री श्रीमती किरण लड्ढा सहित सम्माननीय अतिथियों ने संगठनात्मक मार्गदर्शन प्रदान किया।
मध्यांचल उपाध्यक्ष श्रीमती नम्रता जी बियानी ने “नेतृत्व की उड़ान” पैनल डिस्कशन के माध्यम से कार्यकर्ता प्रशिक्षण का प्रभावी प्रस्तुतीकरण किया। इसी अवसर पर औद्योगिक मेले का उद्घाटन किया गया। संगठन के 50 वर्षों में प्रकाशित साहित्य, पत्रिकाओं, विधान एवं प्रशासनिक दस्तावेजों की प्रदर्शनी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही।

दीप प्रज्वलन के साथ राष्ट्रीय कार्यसमिति का शुभारंभ
6 अगस्त को प्रातः 9:30 बजे मंच पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ बैठक का शुभारंभ हुआ। माहेश्वरी स्कूल की किशोरियों द्वारा प्रस्तुत शिव वंदना तथा इंदौर जिले की 9 क्षेत्रीय अध्यक्षों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने वातावरण को भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण बना दिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय समिति प्रभारियों एवं स्थायी प्रकल्प अध्यक्षों का सम्मान किया गया। महामंत्री श्रीमती किरण लड्डा ने बैठक का संचालन करते हुए सदन का अभिनंदन किया तथा कार्यसमिति बैठक का औपचारिक शुभारंभ किया। दिवंगत स्वजनों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

दूरदर्शिता, समर्पण और कर्तव्यबोध का संदेश
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती ज्योति जी राठी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में दूरदर्शिता, दायित्वों के प्रति समर्पण, चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने तथा अधिकारों के साथ कर्तव्यों के संतुलन पर विशेष बल दिया।
इसके पश्चात महामंत्री श्रीमती किरण लड्डा ने सचिवीय प्रतिवेदन, कोषाध्यक्ष श्रीमती ममता जी मोदानी ने आय-व्यय विवरण तथा संगठन मंत्री श्रीमती अनीता जी जावंधिया ने संगठनात्मक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

युवा शक्ति को संगठन से जोड़ने पर जोर
संरक्षक माँ रत्नी देवी काबरा ने युवा शक्ति को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया। पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती आशा जी माहेश्वरी ने राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक समन्वय को संगठन की शक्ति बताया।
वर्तमान अध्यक्ष श्रीमती मंजू जी बांगड़ ने पारदर्शिता, एकात्मता एवं दूरदर्शिता को पावन नर्मदा की तीन धाराओं की उपमा देते हुए इन्हें संगठन की तीन प्रमुख आधारशिलाएँ बताया।
महिला पत्रिका, सेवा ट्रस्ट एवं विधान की जानकारी
महिला पत्रिका, महिला सेवा ट्रस्ट एवं विधान संबंधी संक्षिप्त जानकारियाँ क्रमशः श्रीमती उर्मिला जी कलंत्री, श्रीमती ललिता जी मालपानी एवं श्रीमती मंगल जी मर्दा द्वारा प्रस्तुत की गईं।
शक्ति वंदन सम्मान के अंतर्गत श्रीमती प्रियंका जी बाहेती एवं श्रीमती उमा जी झंवर को सम्मानित किया गया।

नई पहल और तकनीकी नवाचारों का लोकार्पण
स्वर्णिम पर्व एवं अध्यात्म समिति द्वारा निर्मित “सद्गुण वाटिका कैलेंडर” का विमोचन किया गया।
स्वर्णिम गठबंधन समिति द्वारा बायोडाटा आदान-प्रदान के लिए निर्मित संगठन की नई वेबसाइट का लोकार्पण हुआ। वहीं स्वर्णिम तकनीकी संचार समिति द्वारा “संचार एक्सप्रेस” के प्रथम संस्करण का विमोचन किया गया।
नई समिति प्रोफेशनल फोरम द्वारा प्रोफेशनल बहनों के डाटा कलेक्शन हेतु निर्मित गूगल फॉर्म का भी विमोचन किया गया।

साथी हाथ बढ़ाना” से टीम भावना का संदेश
महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष श्री मधुसूदन जी गांधी ने “साथी हाथ बढ़ाना” विषय पर प्रेरक कार्यशाला प्रस्तुत की।
द्वितीय सत्र में “नींव से नक्षत्र तक – स्वर्णिम संवाद” के माध्यम से संगठन की 50 वर्षों की गौरवगाथा रोचक प्रश्नोत्तर शैली में प्रस्तुत की गई। इसे नेतृत्व की चार जोड़ियों के साथ श्रीमती गिरिजा जी सारडा एवं श्रीमती मधु जी राठी ने अत्यंत रोचक ढंग से संचालित किया।

टीम मेकिंग एवं टास्क टेकिंग प्रतियोगिता बनी प्रशिक्षण का माध्यम
प्रादेशिक पदाधिकारियों द्वारा हर अंचल की एक-एक टीम बनाकर “टीम मेकिंग एवं टास्क टेकिंग” प्रतियोगिता को प्रशिक्षण का सुंदर रूप दिया गया।
संगठन की 11 समितियों ने आगामी तीन वर्षों की कार्ययोजनाएँ प्रस्तुत कीं। आयोजक संस्था द्वारा भव्य एवं संदेशात्मक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। रात्रिकालीन “मस्ती की पाठशाला” ने सभी बहनों को आनंदित किया।

स्वास्थ्य, आत्मविकास और नेतृत्व प्रशिक्षण पर विशेष जोर
7 अगस्त को स्वर्णिम आरोग्यम समिति द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण, बोन डेंसिटी टेस्ट, CPR डेमो एवं प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण दिया गया।
पूरे भारत में स्वास्थ्य जांच पर छूट प्राप्त करने हेतु समिति प्रभारी डा. अल्पना लड्ढा द्वारा डिस्काउंट कार्ड भी उपलब्ध कराए गए। आयोजक संस्था के कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया।
प्रशिक्षक श्री राजेश जी चांडक ने “अहम् ब्रह्मास्मि” कार्यशाला के माध्यम से आत्मविकास एवं नेतृत्व का अमूल्य प्रशिक्षण प्रदान किया।

सफलता और अनुकरणीय आयोजन का समापन
इस प्रकार अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महिला संगठन की प्रथम राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक ‘स्वर्णोदय-2026’ इंदौर में अत्यंत सुव्यवस्थित, समयबद्ध, प्रेरणादायी, प्रशिक्षणमूलक एवं अनुकरणीय रूप से सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई।
दो दिवसीय आयोजन ने संगठन की 50 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, वर्तमान की सक्रियता और आगामी तीन वर्षों की दूरदर्शी कार्ययोजनाओं को एक सशक्त मंच प्रदान किया।

कार्यक्रम के अंत में मध्यांचल संयुक्त मंत्री श्रीमती भारती जी राठी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

कमेंट्स

  • Comment not posted yet !